केएसके एकेडमी गजरौला में छात्र दीपेंद्र की हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी में ढिलाई बरतने पर कैबिनेट मंत्री महबूब अली ने नाराजगी जताई है। शनिवार को छात्र के लंबिया गांव पहुंचे कैबिनेट मंत्री महबूब अली ने परिजनों को ढांढस बंधाया और स्पीकर ऑन करके डीआईजी-एसपी और डीएम से बात की। इस दौरान आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
रजबपुर क्षेत्र के गांव लंबिया के किसान महेंद्र सिंह के 18 वर्षीय पुत्र छात्र दीपेंद्र की हत्या के आरोपी प्रबंधक रिंकू, प्रधानाचार्य और वार्डन की गिरफ्तारी नहीं होने पर हाईवे पर छह घंटे तक जाम लगाया था। इस मामले में पुलिस ने उल्टे ग्रामीणों के खिलाफ ही रिपोर्ट दर्ज कर ली गई थी। ग्रामीणों में इस बात की भी नाराजगी थी कि, कैबिनेट मंत्री संवेदना व्यक्त करने भी नहीं आए। शनिवार को कैबिनेट मंत्री महबूब अली अपने एमएलसी पुत्र परवेज अली के साथ लंबिया गांव पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। छात्र के पिता महेंद्र सिंह को तीनों हत्या आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तार कराने का आश्वासन दिया।
अतरासी में धरना जारी
अतरासी में हाईवे किनारे छात्र हत्या कांड के आरोपियों की गिरफ्तारी न किए जाने के विरोध में धरना जारी है। 24 घंटे में गिरफ्तारी के अफसरों के आश्वासन के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई है। इससे सोमवार को चक्काजाम किए जाने के लिए गांव गांव संपर्क किया जा रहा है। धरने पर बैठे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जिला संयोजक गौरव गुर्जर ने बताया कि सोमवार को चक्काजाम करेंगे।
हत्यारोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर करेंगे हाईवे जाम
अमरोहा। भाकियू (असली) की पंचायत में किसानों ने केएसके एकेडमी के छात्र दीपेंद्र की हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि हत्यारोपियों के खिलाफ कार्रवाई की बजाय पुलिस मृतक छात्र के परिजनों व इंसाफ की गुहार लगाने वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर रही है। हत्यारोपियों की जल्द ही गिरफ्तार नहीं की जाने पर हाईवे जाम करेंगे।
चकमजदीपुर गांव में अपने आवास पर आयोजित की गई पंचायत में जिलाध्यक्ष महावीर सिंह ने कहा कि केएसके एकेडमी के छात्र दीपेंद्र की हत्या को कई दिन बीत गए हैं, लेकिन थाना पुलिस हत्यारोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है। इस दौरान सुखवीर सिंह, सतेंद्र सिंह, रामदुलारी देवी, हिमांशु, विजेंद्र सिंह, सतपाल सिंह, महेंद्र सिंह, खचेडू सिंह आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता पूर्व कैबिनेट मंत्री चौधरी चंद्रपाल सिंह ने की तथा संचालन वीरेंद्र सिंह ने किया।