अमरोहा ब्लाक प्रमुख और नौगावां सादात विधानसभा क्षेत्र के बसपा प्रत्याशी के घर पर एसओ देहात की कार्रवाई से बसपाइयों में उबाल है।
गुस्साए बसपाइयों ने एसओ पर ब्लॉक प्रमुख से बदसुलूकी करने का आरोप लगाते हुए कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। बाद में डीएम को ज्ञापन सौंपकार मामले की जांच कराने की मांग की।
जोया रोड स्थित ग्रीन अमरोहा में ब्लाक प्रमुख एवं नौगावां सादात विधानसभा क्षेत्र के बसपा प्रत्याशी जयदेव सिंह का आवास है।
आरोप है मंगलवार को एसओ देहात देवेंद्र सिंह धामा ने पुलिस बल के साथ उनके आवास पर पहुंचे। यहां बैठे सर्मथकों को देखकर बिना अनुमति सभा कराने का आरोप लगाते हुए धमकाना शुरू कर दिया।
पुलिसकर्मियों ने उनके आवास पर मौजूद समर्थकों को डांट फटकार भगा भी दिया। एसओ देहात ने ब्लाक प्रमुख से अभद्रता भी की।
इस पर भड़के बसपाइयों ने बुधवार को बसपा जिला अध्यक्ष शेर सिंह बौद्ध के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचकर एसओ देहात के खिलाफ प्रदर्शन किया। बाद में ब्लाक प्रमुख जयदेव सिंह और बसपाइयों ने घटना के संबंध में डीएम को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।