गजरौला के मोहल्ला गंगानगर की बीपीएल राशन कार्ड धारक महिलाओं ने सूची से नाम हटाए जाने को लेकर सोमवार को नगर पालिका में हंगामा किया। इस दौरान उनकी संबंधित अधिकारी से नोकझोंक भी हुई। महिलाओं ने अधिशासी अधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला गंगानगर वार्ड संख्या नौ की तमाम महिलाएं सोमवार की सुबह पालिका पहुंचीं। यहां अधिशासी अधिकारी के नहीं मिलने पर संबंधित बाबू से शिकायत की। इस दौरान महिलाओं की बाबू से नोकझोंक भी हुई।
महिलाओं का कहना है कि मोहल्ले में करीब 28 कार्ड बीपीएल और पांच अंत्योदय कार्ड थे। दो महीने पहले आठ बीपीएल कार्ड काटकर जवाहर नगर में सभासद और उसके परिवार के लोगों के कार्ड बना दिए गए थे।
पूर्ति अधिकारी धनौरा से शिकायत करने पर राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्ड बनवाने का आश्वासन मिला। लेकिन, नेट पर कार्डों की पात्रता की सूची में मोहल्ला गंगानगर की सूची में अधिकतर कार्ड मोहल्ला जवाहर नगर में बनवा दिये गए।
इंटरनेट पर 388 कार्ड दर्शाये गए हैं। वार्ड नौ में मोहल्ला जवाहरनगर, गंगा नगर और शिवपुरी शामिल हैं। लेकिन, कार्डों की सूची में जवाहर नगर को ही वरीयता दी गई है। इसमें अपात्रों के नाम भी अंकित कर दिए गए हैं।
इसमें पालिका के बाबू और राशन डीलर की मिलीभगत है। मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है। कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई।
प्रार्थना पत्र पर कमल सिंह, ओमप्रकाश, प्रमोद, सतेंद्र, सोमपाल सिंह, नरेंद्र कुमार, जगवती, चरन सिंह, इसरार, रघुवीर, देवीदास, संजीव सिंह, विवेक कुमार, विनोद, सुरेंद्र आदि के नाम हैं।