जिला पूर्ति अधिकारी ने राशन की कालाबाजारी करने वाले डीलर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं वितरण में अनियमितता पाई जाने पर चार दुकानों को निलंबित किया है।
जनपद के देहरा मिलक गांव निवासी राशन डीलर रमेश सिंह पर ग्रामीणों ने राशन की कालाबाजारी का आरोप लगाते हुए शिकायत की थी। इस पर जिला पूर्ति अधिकारी राघवेंद्र कुमार सिंह ने जांच कराई।
आरोपों की पुष्टि होने पर उन्होंने राशन डीलर रमेश सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसके अलावा लालू नगला गांव के अयूब, गुलड़िया की विमला देवी, डैकबाड़ा के वीर सिंह व चक पायंती गांव के राशन डीलर अरकान पर राशन वितरण में अनियमितता बरतने का आरोपों की पुष्टि होने पर दुकानों को निलंबित कर दिया गया है। पूर्ति विभाग ने इन दुकानों को पड़ोस के गांवों से संबद्घ कर दिया है।
राशन डीलर रमेश सिंह पर राशन की कालाबाजारी की शिकायत जांच में सही पाई गई है। जिसके कारण उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।-राघवेंद्र कुमार सिंह जिला पूर्ति अधिकारी
पांच डीलरों ने दिया इस्तीफा
अमरोहा। चोटीपुरा गांव के राशन डीलर विनोद कुमार, कालाखेड़ा के शमशाद, फौंदापुर के उत्तम सिंह, करौंदी के फकीरा तथा धकतोड़ा के राशन डीलर देवेंद्र सिंह ने राशन की दुकान से इस्तीफा दिया है।
जिला पूर्ति अधिकारी राघवेंद्र कुमार सिंह ने इस्तीफा मंजूर कर लिया है। पर यहां यह बात गले नहीं उतर रही कि इन पांचों ने अपनी मर्जी से इस्तीफा दिया है, क्योंकि इस बात से कोई इंकार नहीं कर सकता कि राशन की दुकान लेने को गांवों में मारा मारी होती है।
खुली बैठक कर प्रस्ताव कराए जाते हैं। मंत्रियों व विधायकों के साथ अधिकारियों से सेटिंग के बाद ही राशन की दुकान मिलती है।