सड़क पार कर रहे किसान को तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राला ने टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। किसान की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने मुआवजे तथा आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर संभल-जोया मार्ग पर जाम लगा दिया।
सूचना पर पहुंचे एसडीएम सदर, सीओ सिटी, डिडौली कोतवाली पुलिस के साथ पहुंचे और ग्रामीणों को मुआवजे का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
डिडौली कोतवाली के कपासी गांव निवासी 60 वर्षीय हरि सिंह पुत्र राम स्वरूप प्रजापति को अपने घेर तक जाने के लिए सड़क पार करनी पड़ती है। बृहस्पतिवार की दोपहर 12.15 बजे वह घेर में जाने के लिए सड़क पार कर रहे थे।
इसी बीच असमोली चीनी मिल में गन्ना डाल कर आ रहे ट्रैक्टर ट्राला ने हरि सिंह को टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसकी खबर लगते ही ग्रामीण घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए। भागने की कोशिश कर रहे ट्रैक्टर ट्राला चालक को पीछा कर पकड़ लिया। मुआजवे की मांग को लेकर गुस्साए ग्रामीणों ने जाम लगा दिया।
सूचना पर एसडीएम सदर मोहम्मद नईम, सीओ सिटी शील कुुमार, इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह मय पुलिस घटनास्थल पर पहुंचे और जाम लगा रहे लोगों को समझाया। एसडीएम के कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत आर्थिक मदद दिलाने के आश्वासन पर ग्रामीणों ने दो घंटे बाद जाम खोला।
पुलिस ने पंचनामा भर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों की तहरीर पर ट्रैक्टर ट्राला चालक दिलशाद पुत्र जहूर निवासी परियावली थाना असमोली के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।