पंचायत चुनाव की मतगणना में ड्यूटी करके गंगेश्वरी से लौट रहे सिंचाई विभाग के जूनियर इंजीनियर की कार और ट्रैक्टर-ट्राली की आमने-सामने भिड़ंत में मौत हो गई।
सूचना पाकर गजरौली के संयुक्त चिकित्सालय में पहुंचे परिजन शव देख कर बिफर गए। परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
बिजनौर जिले के धामपुर के मोहल्ला सलेमपुर सराय निवासी 42 वर्षीय विपिन चौहान पुत्र सुरेंद्र चौहान अमरोहा के सिंचाई विभाग में जूनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे।
उनकी ड्यूटी गंगेश्वरी विकास खंड में पंचायत चुनाव की मतगणना में लगाई गई थी। वह मतगणना के लिए एआरओ नियुक्त किए गए थे।
सोमवार की सुबह साढ़े 10 से 11 बजे के बीच उस समय हुआ जब वह अपनी कार से चुनाव ड्यूटी पूरी करके घर लौट रहे थे। कार वह खुद ड्राइव कर रहे थे। थाना बछरायूं के गांव फत्तेपुर छीकरा के निकट सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्राली ने कार में टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से ड्राइव की साइड बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और वह लहूलुहान होकर गिर गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने पुलिस को खबर कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस विपिन चौहान को गजरौला के संयुक्त चिकित्सालय ले गई।
यहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर मेरठ रेफर कर दिया। मेरठ ले जाते समय रास्ते में ही विपिन ने दम तोड़ दिया। इससे पुलिस शव को वापस सरकारी अस्पताल ले आई और परिजनों को घटना की जानकारी दे दी।
सूचना पाकर पत्नी सीमा के साथ छोटा भाई अजय प्रताप, मां शोमा व रिश्तेदार सरकारी अस्पताल पहुंच गए। शव देख कर परिजन बिलख पड़े। कोहराम मच गया।