मंडी धनौरा रोड पर गुरुवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे बालू लदी तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली की साइड लगने से बाइक सवार किसान की मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सीएचसी से मुरादाबाद रेफर कर दिया गया है। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने नीम के अड्डे पर शव रखकर मंडी धनौरा रोड पर जाम लगा दिया और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस के आश्वासन पर करीब तीन घंटे बाद ग्रामीण सड़क से हटे। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नौगावां सादात थाना क्षेत्र के गांव खालकपुर कलां का इंद्रपाल (45) पुत्र गोपाल सिंह किसान था। गुरुवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे वह चचेरे भाई राजवीर पुत्र जगवीर को बाइक से रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रहा था।
अभी वह धनौरा रोड पर मोहल्ला इस्लामनगर स्थित पेट्रोल पंप के नजदीक ही पहुंचा था कि तभी पीछे से तेज गति में आ रही अवैध रूप से बालू ढो रही ट्रैक्टर ट्राली ने बाइक में साइड मार दी, जिससे बाइक बेकाबू होकर सड़क पर गिर गई। इसमें दोनों बाइक सवार घायल हो गए।
हादसा होते ही मौके पर भीड़ लग गई और कुछ लोग घायलों को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां डाक्टरों ने इंद्रपाल को देखते ही मृत घोषित कर दिया जबकि राजवीर को गंभीर हालत में मुरादाबाद रेफर कर दिया। इंद्रपाल की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
कुछ ही देर में तमाम लोग अस्पताल आ गए और किसान के शव को मंडी धनौरा रोड पर नीम के अड्डे पर ले जाकर रख दिया और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जाम लगा दिया। एसओ नौगावां सादात अशोक सोलंकी मौके पर पहुंचे और किसी तरह ग्रामीणों को समझाकर तीन घंटे बाद सड़क से हटाया। पुलिस ने पंचनामा भरकर लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और चालक विजय पुत्र शिवलाल, गांव पंजूसराय नौगावां सादात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी।
हेलमेट होता तो बच सकती थी जान
अमरोहा। हादसे में इंद्रपाल के शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे, लेकिन उसकी मौत सिर में लगी अंदरूनी गंभीर चोट के कारण हुई थी। बाइक चलाते वक्त यदि इंद्रपाल ने हेलमेट पहना होता तो शायद उसकी जान बच जाती।
प्रधान ने की सवा लाख रुपये देने की घोषणा
अमरोहा। पंजू सराय के प्रधान शमशेर ने जाम लगा रहे ग्रामीणों के बीच पहुंचकर मृतक के परिजनों को सवा लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की। प्रधान ने बताया कि मृतक किसान गरीब है और गांव में चंदा जुटाकर मुुआवजे की रकम इकट्ठा की जा रही है।
नहीं थम रहा अवैध खनन
अमरोहा। पंजू सराय में सोत नदी में पिछले काफी अरसे से अवैध खनन हो रहा है। पिछले दिनों खनन के कारण बिजली विभाग के बड़े-बड़े कई खंभे भी गिर गए थे। इस पर डीएम ने कड़ा रुख अपनाया था, मगर कोई फायदा नहीं हुआ। यहां सोतनदी में अवैध खनन जारी है। रात के अंधेरे में रोजाना यहां से सैंकड़ों ट्रैक्टर ट्रालियां बालू लेकर बाजार में निकलती हैं।