अमरोहा। रेलवे पर मंगलवार का दिन भारी गुजरा। सुबह की पहली किरण के साथ ही परेशानियों का सिलसिला शुरू हो गया। अमरोहा-काफूरपुर के बीच ट्रैक फ्रैक्चर होने से डाउन दिशा की गाड़ियों को काशन देकर गुजारा गया, तो स्टेशन के करीब सिग्नल की केबिल कटने से अप लाइन पर मूवमेंट बंद हो गया। इससे करीब छह ट्रेनें प्रभावित हुईं। वहीं, लखनऊ मेल का इंजन फेल होने से आधे घंटे स्टेशन पर ही खड़ी रही, तो नजीबाबाद पैसेंजर ट्रेन में दो किलोमीटर की दूरी पर पांच बार चेन पुलिंग होने से गाड़ी की चाल बिगड़ गई। एक के बाद एक आई परेशानियों से रेलवे में खलबली मच गई और स्थानीय स्टाफ परेशान हो उठा। मुरादाबाद तक अफरातफरी मच गई। जबकि यात्रियों को भी खासी दिक्कतों से दो चार होना पड़ा।
ढाई घंटे प्रभावित रहा यातायात
अमरोहा(ब्यूरो)। रेलवे स्टेशन के करीब प्वाइंट 43 पर मंगलवार की सुबह सवा नौ बजे सिग्नल केबल कटने से अप लाइन पर मूवमेंट बंद हो गया और ढाई घंटे तक रेल यातायात प्रभावित रहा। इससे दिल्ली दिशा की ओर जाने वाली आधा दर्जन ट्रेनें लेट हो गईं और यात्रियों को दिक्कतों से दो चार होना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद तारों को जोड़कर फाल्ट दूर किया गया। तार कटने से मुरादाबाद तक खलबली मच गई। इन दिनों इलेक्ट्रिक लाइन डालने का काम चल रहा है। इसमें मंगलवार की सुबह मजदूर रेलवे स्टेशन के करीब लाइन डाल रहे थे। इसके लिए पटरियों के किनारे गड्ढा खोदा गया था। जिसमें सिग्नल की केबिल कट गई। अप लाइन का सिगभनल सिस्टम फेल हो गया और मूवमेंट बंद हो गया। सूचना मिलते ही खलबली मच गई। कंट्रोल को सूचना देकर काम शुरू किया गया। मुरादाबाद से भी टीम मौके पर पहुंच गई। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद तारों को जोड़ा गया, तब कहीं जाकर फाल्ट दूर हुआ। इस बीच मुरादाबाद दिशा से आने वाली जनसाधारण एक्सप्रेस, नौचंदी एक्सप्रेस, शहीद एक्सप्रेस, छपरा-दिल्ली एक्सप्रेस, पोरबंदर एक्सप्रेस सहित आधा दर्जन ट्रेनें प्रभावित हुई। जिन्हें कैलसा और हकीमपुर में रोककर फिर रवाना किया गया।
स्टेशन मास्टर से हुई नोकझोंक
कैलसा। सिग्नल सिस्टम फेल होने से नौचंदी एक्सप्रेस ट्रेन स्थानीय स्टेशन पर आधे घंटे तक खड़ी रही। इससे यात्रियों में खलबली मची रही और वह स्टेशन पर घूमकर ट्रेन चलने का इंतजार करते रहे। कई यात्रियों की स्टेशन मास्टर से भी नोकझोंक हो गई।
बाल-बाल बचा हादसा
अमरोहा(ब्यूरो)। मौसम में ठंडक उतरने से रेलवे ट्रैक के चटकने का सिलसिला शुरू हो गया है। मंगलवार की सुबह आठ बजे काफूरपुर दिशा में किलोमीटर 35/13-35/12 के बीच डाउन दिशा की लाइन में फ्रैक्चर हो गया। सूचना पर इंजीनियर मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पटरी चटकी देखकर होश उड़ गए और हाथों हाथ ब्लाक लेकर काम शुरू कर दिया गया। घंटों की मशक्कत के बाद पटरी बदली गई। इस बीच दिल्ली दिशा की ओर से आने वाली सभी ट्रेनों को धीमी रफ्तार से गुजारा गया।
पांच बार हुई चेन पुलिंग
अमरोहा(ब्यूरो)। सुबह हापुड़ से आ रही नजीबाबाद पैसेंजर ट्रेन में लगातार पांच बार चेन पुलिंग होने से गाड़ी की चाल बिगड़ गई और दो किलोमीटर का सफर तय करने में 15 मिनट का समय लग गया। नजीबाबाद से मुरादाबाद जाने वाली पैसेंजर ट्रेन जब अतरासी रेलवे क्रासिंग के करीब पहुंची, तो किसी यात्री ने चेन पुलिंग करनी शुरू कर दी और एक के बाद एक पांच बार चेन पुलिंग कर दी। इससे गाड़ी बार-बार रुकती रही और स्टेशन तक पहुंचने में उसे पंद्रह मिनट का समय लग गया।
लखनऊ मेल का इंजन फेल
अमरोहा(ब्यूरो)। लखनऊ से दिल्ली जा रही लखनऊ मेल का सुबह पांच बजे इंजन फेल हो गया और गाड़ी स्थानीय स्टेशन पर मेन लाइन पर खड़ी हो गई। मुरादाबाद से पॉवर आने के बाद गाड़ी को रवाना किया गया। इससे यात्रियों को परेशानी से दो चार होना पड़ा। हुआ यूं कि मंगलवार की सुबह पांच बजे लखनऊ मेल स्थानीय स्टेशन के करीब पहुंची, तो उसकी पावर जवाब देनी लगी। ड्राइवर किसी तरह ट्रेन को खींचकर स्टेशन तक लाया और पॉवर फेल होने की सूचना स्टेशन मास्टर को दी। यहां से कंट्रोल को सूचना दी गई। इसके बाद मुरादाबाद से दूसरी पॉवर आने पर करीब आधे घंटे बाद ट्रेन को गंतव्य की ओर रवाना किया गया। इस बीच यात्री परेशान रहे।