जोया(अमरोहा)। कोतवाली डिडौली के जोया नगर स्थित मोहल्ला जामा मस्जिद में सोमवार रात बदमाशों ने महिलाओं को गनप्वाइंट पर लेकर नगदी व पचास हजार रुपये कीमत के जेवर लूट लिए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई है। वहीं पुलिस ने मामले की जानकारी से इंकार किया है।
जोया नगर के ईदगाह रोड स्थित मोहल्ला जामा मस्जिद निवासी शमीम अहमद सोमवार रात घर पर नहीं थे, घर में सिर्फ औरतें थीं, रात लगभग 12 बजे दीवार फांदकर 12 बदमाश घर में घुस आए और गनप्वाइंट पर महिलाओं को बंधक बना लिया। इसके बाद बदमाशों ने घर में रखी दस हजार रुपये की नगदी, पचास हजार रुपये कीमत के जेवर लूट लिया। बाद में महिलाओं को घर के कमरे में बंद करके भाग गए। बदमाशों के जाने के बाद महिलाओं ने शोर मचाया तो मोहल्ले के लोगों ने दरवाजा खोलकर उन्हें बाहर निकाला। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।