अमरोहा। शहर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले की युवती के साथ युवक शादी का झांसा देकर कई माह तक दुराचार करता रहा। दूसरी जगह युवक का रिश्ता पक्का होने की जानकारी मिलने पर युवती जब उसके घर गई तो युवक के परिजनों ने उसकी पिटाई कर दी। सोमवार को युवक काशीपुर शादी करने चला गया। युवती ने मामले की तहरीर पुलिस को दी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले की युवती का परिवारवालों ने अफगान मोहल्ले के एक युवक से रिश्ता तय कर दिया था। रिश्ता तय होते ही युवक और युवती में मेलजोल बढ़ गया। कुछ दिन बाद युवक के परिजनों ने शादी से इंकार दिया। लेकिन युवक का युवती से मिलना-जुलना जारी रहा। युवती ने अपने परिजनों से युवक से संबंधों के बारे में जानकारी दी, तो युवती के परिजन दोबारा से युवक के घर शादी करने की बात करने गए। लेकिन युवक के परिजनों ने इंकार कर दिया। इसी बीच परिजनों ने युवक का काशीपुर से रिश्ता तय कर दिया। यह बात जब युवती को पता लगी तो वह सोमवार को युवक के घर खुद पहुंच गई। इस पर युवक और उसके परिजनों ने युवती की अपने घर में जमकर पिटाई की। पीड़ित युवती ने परिजनों के साथ कोतवाली पहुंचकर मामले की तहरीर दी।