अमरोहा। शहर कोतवाली क्षेत्र के एक बैंक्वेट हॉल के बाहर खड़ी अपने मालिक की बाइक के बजाए धोखे में दूसरे की बाइक में चाभी लगाते समय युवक को कुछ लोगों ने पकड़ लिया। पिटाई करने बाद उसे पुलिस की सुपुर्दगी में दे दिया। युवक ने अपनी सफाई भी दी, लेकिन पुलिस ने उसकी एक नहीं सुनी। युवक के परिजन जहां उसे निर्दोष बता रहे हैं। पुलिस पूछताछ के नाम पर शनिवार रात से उसे लॉकअप में बंद किए हुए है।
शहर के छेबड़ा मोहल्ला निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि उसका बेटा शनिवार रात बैंक्वेट हाल के पास दुकान से अपने मालिक की बाइक लेकर सामान लेने गया था। उसने बाइक बैक्वेंट हाल गेट के बाहर खड़ी कर दी। कुछ देर बाद बाहर आया तो धोखे में उसने दूसरे की बाइक में चाभी लगा दी। तभी बाइक स्वामी आ गया और उसने शोर मचाते हुए युवक को पकड़ लिया। शोर सुनकर और लोग भी आ गए। उन लोगों ने भी उसे पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। इसी बीच सूचना देकर पुलिस को भी बुला लिया। भीड़ में मौजूद लोगों ने उसे पुलिस की सुपुर्दगी में दे दिया। युवक ने पुलिस को अपनी सफाई भी दी। लेकिन पुलिस ने उसकी एक नहीं सुनी। आरोप है कि पुलिस ने उसकी पूरी रात पिटाई की और परिजनों को सूचना सुबह दी। वहीं कोतवाली इंचार्ज महेंद्रपाल सिंह ने बताया कि अभी पूछताछ चल रही है।