हसनपुर(अमरोहा)। अमरोहा अड्डे में मंगलवार की शाम हुए हादसे के बाद पथराव, जाम और आगजनी मामले में पुलिस ने 162 लोगों के खिलाफ कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। इनमें 12 लोग नामजद और 150 लोग अज्ञात हैं। अधिकांश लोग घर छोड़कर फरार हो गए। सुरक्षा की दृष्टि से क्षेत्र में पीएसी तैनात कर दी गई है।
मंगलवार की शाम कोे अमरोहा अड्डे पर तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक सवार महेश और कलुवा निवासी पतेई खादर को टक्कर मार दी थी। जिसमें दोनों लोग घायल हो गए। इससे उत्तेजित लोगों ने जाम लगाकर डीसीएम में आग लगा दी। मौके पर पहुंची पुलिस पर भीड़ ने पथराव कर दिया। हालात काबू करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया था। लोगों ने डीसीएम और एक स्कार्पियो गाड़ी में भी तोड़फोड़ की। कोतवाली निरीक्षक रामपाल सिंह भाटी ने बताया कि स्कार्पियो में बैठे तकीर मोहम्मद पुत्र नन्हे निवासी अकबरपुर बहजोई की तहरीर पर हरीश चौधरी और महीपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। डीसीएम चालक जीतू निवासी बहजोई जिला संभल की तहरीर पर अज्ञात भीड़ के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की नीयत से हमले की रिपोर्ट लिखी है, जबकि पुलिस की तरफ से जयसिंह, धर्मपाल सिंह, योगेंद्र, हैंकी, मुकेश, दिगंबर, राहुल, रविंद्र निवासी राजपूत कालोनी, ब्रजपाल निवासी करनपुर, प्रदीप सैनी निवासी आगापुर और 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ आगजनी और पुलिस पर पथराव का मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से अमरोहा अड्डे पर पीएसी तैनात है।