रजबपुर (अमरोहा)। हजरत बाबा फरीदी रहमतुल्लाह अलैह के चार रोजा सालाना उर्स का सोमवार को अकीदत ओ एहतराम के साथ आगाज हो गया। विधायक अशफाक अली खां और एडीएम रणविजय सिंह ने परचम कुशाई के बाद शमा रौशन करके दरगाह पर हाजिरी देकर चादरपोशी की।
मंगलवार को उर्स की शुरुआत के मद्देनजर दरगाह पर सुबह से जायरीनों के आने का सिलसिला शुरू हो गया था। शाम करीब चार बजे विधायक अशफाक अली खां व डा. सिराजुद्दीन हाशमी के अलावा एडीएम रणविजय सिंह दरगाह पहुंचे। सज्जादानशीन ख्वाजा राशिद फरीदी ने दरगाह की तारीख पर रोशनी डाली। इसके बाद परचम कुशाई और शमा रोशन की रस्म अदा की गई।
मगरिब की नमाज के बाद सलात ओ सलाम का नजराना पेश किया गया। चादरपोशी कराकर सज्जादानशीन ने विधायक व एडीएम की दस्तार बंदी की। इशा की नमाज के बाद कव्वाल अबरार अहमद ने बाबा की शान में कलाम पेश कर अकीदतमंदोें को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं, जायरीनों ने दरगाह पर सजी दुकानों से तबर्रूक की खरीदारी की। यहां डिप्टी कलक्टर प्रेम प्रकाश, दिवाकर सिंह, सलीम फरीदी, लताफत फरीदी, मुनव्वर अली व कारी यासीन मौजूद रहे।