गजरौला (अमरोहा)। चांदपुर मार्ग पर मैक्स गाड़ी में छत पर रखा बैग काटकर किसी ने हैदराबाद के सिख दंपति का पर्स निकाल लिया। पर्स में करीब पांच तोला सोने के जेवरात रखे थे। जेवर चोरी होने से सिख परिवार परेशान हो गया पुलिस ने रिपोर्ट भी दर्ज नहीं की।
रविवार की पूर्वांह साढ़े 11 बजे सरदार रंजीत सिंह पुत्र ढीकट सिंह निवासी आंध्र प्रदेश के जिला बरगल (हैदराबाद) पत्नी सिंपल और तीन बच्चों को लेकर थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह शनिवार की शाम को नूरपुर (बिजनौर) में शादी में शामिल होने जा रहे थे। चौपला से चांदपुर के लिए मैक्स गाड़ी में सवार हुए। चालक के कहने पर उन्होंने अपना बैग मैक्स की छत पर रख दिया। चांदपुर आने पर उन्होंने बैग उतार लिया। थोड़ी देर बाद उन्होंने बैग खोलकर देखा तो उनके होश उड़ गए। चैन वाली साइड का हिस्सा कटा हुआ था। साथ ही इसमें नीचे की साइड में रखा पर्स गायब था। दंपति के मुताबिक पर्स में साढ़े पांच तोले सोने के जेवर रखे थे। बताते हैं कि इसके बाद उन्होंने काफी देर तक मैक्स को तलाश किया लेकिन अंधेरा होने की वजह से सफल नहीं हो सके। बाद में इसकी सूचना सहारनपुर में अपनी बहन को दी और रविवार को यहां थाने में आए। यहां पुलिस से कोई मदद नहीं मिलने पर सिख परिवार वापस लौट गया। चौपला चौकी इंचार्ज सहंसरवीर सिंह ने बताया कि घटना थाना क्षेत्र से बाहर की है।