अमरोहा। शहर में दो वर्गों के बीच जमीनी विवाद के चलते बार फिर स्थिति विस्फोटक होते होते बच गई। दर्जनों हथियारबंद लोगों ने एक निजी स्कूल के सामने खाली भूमि पर निर्माण शुरू कर दिया। स्कूल संचालक के विरोध पर टकराव की नौबत आ गई। झगड़े को सांप्रदायिक रूप देने की कोशिश की गई। इस बीच पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को खदेड़ दिया। एसडीएम व सीओ के पहुंचते ही दोबारा इन्हें भी घेर लिया। तीखी नोकझोंक चली। स्थिति तनावपूर्ण होने पर दोनों पक्ष के छह लोगों का शांति भंग में चालान कर दिया। विवादित स्थल पर पुलिस फोर्स तैनात कर दिया है।
बताते हैं कि मोहल्ला अहमदनगर में सरकारी ट्यूबवेल के पास स्थित खाली जमीन के स्वामित्व को लेकर मोहल्ले के ही जुम्मा व हनीफ का पालिका से विवाद चला आ रहा है। इसी भूमि की ठीक सामने विवेक निरंकारी जू. हाईस्कूल के निर्माणाधीन भवन का गेट है। मंगलवार सवेरे तमाम हथियारबंद लोगों ने इसी गेट के सामने जमीन पर कब्जा जमाते हुए चहारदीवारी का निर्माण शुरू कर दिया। जिस पर स्कूल संचालक अनिल निरंकारी ने समर्थकों के साथ विरोध जताते हुए पुलिस बुला ली।
करीब घंटेभर बाद पहुंची पुलिस ने निर्माण करी भीड़ व मजदूरों को खदेड़ दिया। एसडीएम प्रेमप्रकाश व सीओ सिटी विनीत भटनागर के पहुंचते ही यही पक्ष दोबारा लौट आया। निरंकारी पक्ष की महिलाएं व समर्थक भी घरों से निकल आए। दस्तावेजों का हवाला देते हुए दावा करने पर तनाव बढ़ने लगा। एसडीएम व सीओ से तीखी झड़पें होती रहीं। पुलिस ने लाठियां फटकारते हुए हनीफ, अनिल निरंकारी, सनव्बर, कलुवा, आलेमीन व पवन वर्मा को को हिरासत में लेकर इनका शांति भंग की आशंका में चालान कर दिया।