उझारी (अमरोहा)। पुलिस बताकर घर में घुसे एक दर्जन से अधिक लुटेरों ने नगर में एक घर पर धावा बोलकर परिजनों को बंधक बना लिया और मारपीट कर दस लाख रुपये की संपत्ति लूट ली। लुटेरे नगदी जेवर के साथ ही बेटी के ब्याह को जुटाया गया दहेज का सामान भी लूटकर ले गए। लुटेरे मैक्स से आए थे, जाते समय पूरा सामान इसी में लादकर ले गए। डकैती की सूचना पर एएसपी ने भी मौका मुआयना किया है।
नगर निवासी अब्दुल समद पुत्र अब्दुल रजाक का ढबारसी रोड पर मकान है। इसके दो बेटे सऊदी अरब में नौकरी करते हैं। बीती रात अब्दुल समद पत्नी नसीमा के साथ बरामदे में सो रहा था, जबकि परिवार के अन्य लोग जाकिर, साहना, कौसर और आसिया कमरे में सो रहे थे। परिजनों ने बताया कि रात में करीब एक बजे दर्जन भर लुटेरे मकान के अंदर घुस आए और अपने को पुलिस बताया। दो लुटेरे मुंह पर कपड़ा बांधे और हाथों में चाकू व हथियार लिए थे। आते ही लुटेरों ने घर की चाबी मांगीं और परिजनों को हथियारों के बल पर कब्जे में ले लिया। परिजन अपनी आंखों के सामने घर को लुटता हुआ देखते रहे, लेकिन डर की वजह से कुछ नहीं कर पाए। परिजनों ने बताया कि लुटेरे 60 हजार रुपये की नगदी, सोलह तोले सोना, एक किलो चांदी, डेढ़ कुंतल तांबे के बर्तन, गैस सिलेंडर, इनवर्टर, सात मोबाइल और दो टीवी ले गए। सामान की कीमत करीब दस लाख रुपये बताई जा रही है। अब्दुल समद अपनी बेटी की शादी के लिए दहेज का सामान जोड़ रहा था। लुटेरे जाते समय परिजनों को बांधकर कमरे में बंद कर गए। नसीमा ने किसी तरह से अपने हाथ खोले और शोर मचाया, शोरशराबा सुनकर आस पड़ोसी मौके पर एकत्र हो गए। बताते हैं कि बदमाश सामान को बाहर खड़ी मैक्स गाड़ी में लादकर ले गए। जानकारी मिलते ही पुलिस भी पहुंच गई। एएसपी और सीओ ने भी मौके पर पहुंचकर पूछताछ की है।