सोमेश्वर (अल्मोड़ा)। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर सोमेश्वर विधायक एवं कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने सोमेश्वर में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में शिरकत की। कार्यक्रम से पूर्व उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी हुकुम सिंह बोरा के स्मारक स्थल पर पहुंचकर देश की रक्षा में बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
युवा संवाद कार्यक्रम में मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि आज का भारत युवा भारत है और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का संकल्प युवा शक्ति के कंधों पर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं के हितों और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है। मंत्री ने कहा कि सरकार अब तक 30 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी रोजगार उपलब्ध करा चुकी है और आने वाले समय में रोजगार के अवसर बढ़ाए जाएंगे।
इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, युवा मोर्चा प्रभारी पूरन नगरकोटी, जिलाध्यक्ष पंकज भाकुनी, सोमेश्वर मंडल अध्यक्ष सुंदर सिंह राणा, विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी आदि मौजूद रहे।