अल्मोड़ा। संस्कार सांस्कृतिक और पर्यावरण संरक्षण समिति की ओर से मल्ला महल में आयोजित सात दिवसीय जय गोल्ज्यू महोत्सव में पारंपरिक लोकनृत्यों, संगीत, रैप, कथक और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। स्टार नाइट में गायिका शिवानी नेगी ने दैणा होयां खोली का गणेशा, दैणा होयां मोरी का नारेणा हे... की प्रस्तुति से समा बांध दिया।
गायक नवीन पाठक ने हिट दगड़ी कमला अल्माड़ में मेरो बंगला, त्योरो मुल मुल हसाणा...गीत पेश करते ही दर्शक दीर्घा में बैठे युवा झूमने लगे। अभिजय गोस्वामी की रैप प्रस्तुति ने कार्यक्रम में आधुनिक संगीत का नया अंदाज जोड़ा। महोत्सव की स्टार नाइट में देश के विभिन्न क्षेत्रों की लोक संस्कृतियों की झलक देखने को मिली। पारंपरिक लोकनृत्यों, संगीत, रैप, कथक और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। प्रेमार्थ कथक कला केंद्र ने भी शानदार प्रस्तुति दी।
कथक नृत्यांगना काव्या बिष्ट ने कथक पेश कर वाहवाही बटोरी। इस दौरान जहां पश्चिम बंगाल की ओर से रायवंशी लोकनृत्य, राजस्थान की सहरिया लोकसंस्कृति, कश्मीर की रौफ नृत्य शैली और हरियाणा के घूमर की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को विविध रंगों से सराबोर कर दिया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शक देश के अलग-अलग क्षेत्रों की सांस्कृतिक परंपराओं से रूबरू हुए।
लोक नृत्य में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
महोत्सव के दौरान हुई विद्यालयी लोक नृत्य प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में एनबीयू इंटरनेशनल स्कूल, स्प्रिंग डेल्स स्कूल धारानौला, कृतार्थ भावना एकेडमी क्रमश: प्रथम, द्वितीय, तृतीय रहे। सीनियर वर्ग में ग्रीन फील्ड स्कूल अल्मोड़ा प्रथम, स्प्रिंग डेल्स स्कूल अल्मोड़ा द्वितीय रहा।
ये रहे मौजूूद
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व विधायक एवं पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक, उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष एके सिकंदर पवार, हरियाणा कला परिषद उपाध्यक्ष महेश जोशी, जिला पर्यटन अधिकारी पीके गौतम, डॉ. लक्ष्मण सुथार, डॉ. मंजूषा सुथार, डॉ. जीवन मपवाल, डॉ. निधि मंगल, डॉ. संतोष बिष्ट, जिला सहकारी बैंक की वरिष्ठ शाखा प्रबंधक श्वेता उपाध्याय समेत कई लोग मौजूद रहे।