अल्मोड़ा । प्रदेश की खेल मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन से उत्तराखंड ने खेल के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने योगासन के अल्मोड़ा में हुए मुकाबले के बेहतर आयोजन को अल्मोड़ा के लिए गौरवान्वित करने वाला ऑप्शन बताया। साथ ही सभी खिलाड़ियों को बधाई दी।
उन्होंने दावा किया कि योगासन का खेलों के क्षेत्र में भविष्य बड़ा उज्ज्वल है। योगासन का सफर ओलंपिक तक जाएगा। मंगलवार की शाम अल्मोड़ा के एचएनबी स्टेडियम में हुए योगासन के मुकाबले के समापन समारोह के बाद पत्रकारों से वार्ता करते हुए खेल मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि अल्मोड़ा में योगासन के मुकाबले का आयोजन चुनौतीपूर्ण था लेकिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्रेरणा से उन्होंने और पूरी टीम ने इसे चुनौती के रूप में लिया और कड़ी मेहनत से सफल आयोजन हो सका।
उन्होंने बहुत कम समय में बेहतर आयोजन के लिए स्थानीय प्रशासन और योगासन के मुकाबले से जुड़े सभी अधिकारियों, खिलाड़ियों और अन्य सहयोगियों को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि जल्दी ही योगासन ओलंपिक तक का सफर तय करेगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही योगासन में एशिया स्तर पर भी पदक लेते हुए खिलाड़ियों को देखा जाएगा। इस दौरान उन्होंने विजेताओं को ट्राफी तथा पदक भी प्रदान किए।
योगासन भारत के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. जयदीप आर्य ने भी सभी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और खेल मंत्री रेखा आर्य के नेतृत्व में सफल आयोजन करके उत्तराखंड सरकार ने यह साबित किया है कि सरकार खेलों के प्रति गंभीर है।