अल्मोड़ा। जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने के लिए क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय में रोजगार मेला आयोजित हुआ। हैरानी की बात है कि रोजगार मेले में 460 पदों के सापेक्ष महज 178 युवाओं ने रुचि दिखाई। कंपनी ने 60 बेरोजगार युवाओं का साक्षात्कार के आधार पर चयन किया।
शनिवार को क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय में सेल्स एग्जीक्यूटिव, ऑपरेटर, सुरक्षा गार्ड, डिलीवरी बॉय और बीमा सलाहकार आदि के 460 पदों पर भर्ती के लिए रोजगार मेला लगा।
इसमें एलआईसी अल्मोड़ा, इनोव सॉल्यूशन गुरुग्राम, जीनियस ग्रुप नोएडा, टाटा मोटर्स रुद्रपुर, जीफोरएस सिक्योरिटी, जेडएफ राने कंपनी ने अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया। रिक्त पदों के सापेक्ष जिले भर से केवल 178 युवा ही मेले में पहुंचे।
कंपनी ने 108 अभ्यर्थियों का दूसरे साक्षात्कार के लिए चयन किया। 60 अभ्यर्थियों का रिक्त पदों पर चयन हुआ। क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी आरके पंत ने कहा कि रोजगार मेले में उम्मीद से काफी कम अभ्यर्थी पहुंचे। उनकी ओर से रोजगार मेले आयोजित कर बेरोजगारों को रोजगार देने के प्रयास जारी रहेंगे।