कुमाऊं विश्वविद्यालय योग शिक्षा विभाग द्वारा जिले में विभिन्न स्थानों पर योग शिविर जारी हैं। शिविरों में योगाभ्यास और यौगिक क्रियाओं के माध्यम से विभिन्न रोगों के उपचार की विधि भी बताई जा रही है। शिविरों में प्रतिभागियों को सूर्य नमस्कार, तड़ासन, भ्रामरी, प्राणायाम, कपालभाति, शीतली आदि का अभ्यास कराया जा रहा है। योग विभागाध्यक्ष डॉ. नवीन भट्ट ने बताया कि एसएसजे परिसर में योग शिक्षा विभाग में नौ जून से अपराह्न ढाई बजे से साढ़े पांच बजे तक तीन दिवसीय चिकित्सा शिविर लगाए जाएंगे।
नौ जून को फिजीशियन डॉ. विजेद्र जोशी, 10 जून को डॉ. सौरव जोशी, 12 जून को डॉ. अजीत तिवारी द्वारा मर्म चिकित्सा, आयुर्वेद परामर्श दिया जाएगा। चिकित्सा शिविरों की तैयारी को लेकर हुई बैठक में मुकेश तिवारी को व्यवस्थापक प्रमुख की जिम्मदारी सौंपी गई। बैठक में लल्लन सिंह, संदीप नयाल, हर्षवर्धन आदि उपस्थित थे।
इधर देवसंस्कृति विवि शांतिकुंज हरिद्वार की छात्राओं द्वारा भी जीजीआईसी, ग्रीन फील्ड पब्लिक स्कूल जाखनेदवी, एडम्स, विवेकानंद बालिका विद्या मंदिर आदि स्थानों पर सुबह और शाम शिविर लगाए जा रहे हैं। विवि की छात्रा अमृतांशु, अनीता राजपूत, साक्षी ने बताया कि पढ़ाई पूरी करने के बाद विवि की छात्राएं इंटर्नशिप के लिए देश के 15 राज्यों में प्रशिक्षण देने निकली हैं। 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर वापस लौटेंगी। 21 जून को अल्मोडा में गायत्री प्रज्ञा पीठ थपलिया में योग शिविर आयोजित किया जाएगा।