अल्मोड़ा। डीएम ने सोमवार को जिला गंगा समिति के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को नदियों को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए कार्य करने के निर्देश दिए। इस दौरान नालों के जल को उपचारित करने, एसटीपी की प्रभावी मानिटरिंग और समग्र वेस्ट मैनेजमेंट को लेकर चर्चा की गई।
बैठक में डीएम आलोक कुमार पांडेय ने पेयजल निर्माण निगम को छोटे-छोटे स्तर बॉयोटिक प्लांट और एटीपी के उपयोग को लेकर अध्ययन करने को कहा। कहा कि इससे स्थानीय स्तर पर जलशोधन की नवीन संभावनाओं को बढ़ावा दिया जा सकेगा। निर्णय लिया गया कि एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। किसी भी प्रकार की तकनीकी या संचालन संबंधी समस्या का त्वरित समाधान किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नालों के गंदे पानी को सीधे नदियों में प्रवाहित होने से रोकने के लिए प्रभावी ट्रीटमेंट सिस्टम विकसित किया जाएगा। डीएम ने नदी उत्सव के आयोजन की जिम्मेदारी जिला कार्यक्रम अधिकारी को सौंपी। बैठक में डीएफओ दीपक सिंह, कार्यक्रम अधिकारी रंजीता, सहायक अभियंता सिंचाई विशाल कुमार, मनीष कुमार, डीपीआरओ राजेंद्र सिंह मौजूद रहे।