सराईखेत से दिल्ली को तेज गति से जा रही बोलेरो नेे शशिखाल में सड़क किनारे वाहन का इंतजार कर रही एक महिला को टक्कर मार दी। वाहन की टक्कर से महिला का सिर फट गया और वह बेहोश होकर वही पर गिर पड़ी। मौका देखकर वाहन चालक भाग गया। हालांकि ग्रामीणों ने भाग रहे वाहन चालक को हिनौला बाजार में पकड़ लिया। ग्रामीणों ने निजी वाहन से गंभीर रूप से घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवायल भर्ती कराया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद महिला को रामनगर रेफर कर दिया है। महिला के सिर में 15 टांके लगे हैं।
सोमवार की सुबह सिरस्वाड़ी निवासी देवकी देवी (40) पत्नी सुंदर सिंह बिजली का बिल जमा करने पावर कारपोरेशन कार्यालय शशिखाल पहुंची थी। बिल जमा करने के बाद वह घर लौटने के लिए शशिखाल में सड़क किनारे खड़ी होकर वाहन का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार बोलेरो संख्या यूके-01-टीए-0104 ने देवकी देवी को टक्टर मार दी। टक्कर से महिला का सिर फट गया और बेहोश होकर वहीं पर गिर पड़ी। मौका देखकर वाहन चालक उफेरीखाल निवासी गोविंद सिंह भाग निकला। हालांकि ग्रामीणों ने भाग रहे वाहन चालक गोविंद सिंह को हिनौला बाजार में पकड़ लिया।
वाहन चालक ने ग्रामीणों से माफी मांगी और गंभीर रूप से घायल महिला के इलाज का खर्चा खुद उठाने की बात कही। इसके बाद ग्रामीणों ने वाहन चालक को छोड़ दिया। प्रधान संगठन मौलेखाल के अध्यक्ष गोपाल सिंह रावत ने कहा कि यातायात पुलिस को वाहन चालकों की तेज गति पर अंकुश लगाना चाहिए।