स्याल्दे (अल्मोड़ा)। विकासखंड स्याल्दे की ग्राम सभा टिटरी में रविवार को महिलाओं ने एकजुट होकर श्रमदान की मिसाल पेश की। नारी शक्ति ने सामूहिक रूप से गांव के रास्तों के दोनों ओर उगी झाड़ियों का कटान किया। इससे ग्रामीणों और स्कूली बच्चों के लिए पैदल आवागमन सुगम होने के साथ ही हिंसक जंगली जानवरों के खतरे से सुरक्षा मिलने की उम्मीद है।
ग्रामीण क्षेत्रों में रास्तों के संकरे होने और झाड़ियों के बढ़ने से राहगीरों और स्कूली बच्चों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। साथ ही झाड़ियों के कारण जंगली जानवरों के छिपे होने का खतरा भी बना रहता था। समस्या को देखते हुए टिटरी की महिलाओं ने खुद मोर्चा संभाला और रास्तों की सफाई शुरू की। समाजसेवी सुमित मनराल ने ग्रामीणों की इस पहल की सराहना करते हुए क्षेत्रवासियों से भी ऐसे सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से गांव को स्वच्छ और भयमुक्त बनाने के साथ आपसी सौहार्द भी मजबूत होगा। अभियान में सहयोग के लिए ग्रामीणों और महिलाओं ने भैरव दत्त जोशी, नवीन बैरागी और उर्वा दत्त बैरागी का आभार जताया। ग्रामीणों ने कहा कि इस तरह के सामूहिक प्रयास गांव के विकास और सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।