द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। महिला एकता परिषद द्वाराहाट-भिकियासैंण की राजनीतिक पदयात्रा जारी है। दूसरे चरण के तहत महिलाओं ने सिलंग, सनणैं, मांसो आदि गांवों में पदयात्रा निकालकर ग्रामीणों को जागरूक किया और उसी उम्मीदवार को जिताने की अपील की जो पलायन रोकने और बंदर, सुअरों के आतंक से निजात दिलाने को लेकर ठोस आश्वासन दे।
पदयात्रा के तहत महिलाओं ने कहा कि सरकारों की अनदेखी के चलते पहाड़ पलायन से खाली हो चुके हैं, खेती वन्य जीवों की भेंट चढ़ रही है, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। संसाधनों के अभाव में युवाओं का पलायन हो रहा है। किसी भी जनप्रतिनिधि को इससे सरोकार नहीं है। कहा कि पहाड़ की पीड़ा समझने वाले, मंडुवे का महत्व समझने वाले जनप्रतिनिधि को ही जिताकर विधानसभा भेजना चाहिए।
ग्रामीण परिवेश को समझने वाले जनप्रतिनिधि ही क्षेत्र का विकास कर सकता है। बंदर, सुअरों ने पहाड़ की कृषि व्यवस्था की कमर तोड़कर रख दी है, लोग खेतों को बंजर छोड़ने को विवश हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों से लिखित लिया जाएगा कि वह जीतकर इन समस्याओं को लेकर विधानसभा के पटल पर प्रस्ताव लाएंगे। यात्रा में प्रधान संगठन की अध्यक्ष हेमा नेगी, एकता परिषद की सचिव मधुबाला कांडपाल, पुष्पा रावत, गीता नेगी, दुर्गा बिष्ट, पार्वती देवी, हेमा आर्या सहित तमाम महिलाएं मौजूद थीं।