शराब के खिलाफ द्वाराहाट क्षेत्रवासियों ने भी स्वर मुखर कर दिए हैं। दूनागिरि मोटर मार्ग में शराब की दुकान खुलने की सुगबुगाहट से भड़की महिलाओं ने यहां जुलूस निकाल प्रदर्शन किया और शराब की दुकानें खुलने पर वृहद आंदोलन की चेतावनी दी गई।
जालली क्षेत्र से लगे जमिनीवार, जमिनीपार, ईड़ा आदि गांवों के ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने किसी भी हालत में दुकान नहीं खुलने देने का संकल्प जताया।ग्रामीणों को दूनागिरि मोटर मार्ग पर दुकानें खुलने की भनक लगते ही दैरी, घगलोड़ी, बिजेपुर आदि क्षेत्र की महिलाएं रविवार अपराह्न सड़कों पर उतर आईं।
शराब की दुकानें बंद करो के नारों के साथ प्रदर्शन किया। कहा कि किसी भी कीमत में शराब की दुकान नहीं खुलने दी जाएगी। उधर, जालली क्षेत्र में भी शराब की दुकान खुलने का विरोध शुरूहो गया है। जिला पंचायत सदस्य नीरज कुमार ने कहा कि क्षेत्र में किसी भी हालत में शराब की दुकान नहीं खुलने दी जाएगी। जनहित के लिए पूरे प्रदेश में शराबबंदी होना जरूरी है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जालली, ईड़ा क्षेत्र में कहीं भी शराब की दुकान खुली तो चक्का जाम सहित उग्र आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। संपूर्ण कार्यक्रम में जिपंस बचुली देवी, बीडीसी सदस्य ममता भट्ट, प्रधान पुष्पा तिवारी, हंसी देवी, विनोद भट्ट, मनोज भट्ट, लक्ष्मण सिंह, किशन सिंह, नंदिता भट्ट, आंनद देवी, प्रधान दीपक बिष्ट, महेश चंद्र, लाली राम, कौस्तूब कुमार सिंह, दिगपाल सिंह, हीरा राम, रेखा तिवारी, हंसी शर्मा, माया तिवारी सहित तमाम लोग मौजूद थे।