बागेश्वर। कपकोट के गांवों में महिलाओं की ओर से चलाई जा रही शराब विरोधी मुहिम धीरे-धीरे असर करने लगी हैं। झूनी गांव की महिलाओं ने बरातियों की ओर से लाई गई शराब और बीयर की बोतलों को छीनकर नष्ट किया। महिलाओं की इस नशामुक्ति मुहिम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।
झूनी की महिलाओं ने गांव में शराब की बिक्री और सेवन पर रोक लगा रखी है। गांव वालों के साथ-साथ बाहर से आने वालों के लिए भी इसका पालन करना जरूरी है। विगत शुक्रवार को गांव में बरात आई तो महिलाओं ने बारातियों से शराब लेकर गांव में नहीं आने का अनुरोध किया। इस दौरान कुछ बरातियों के पास शराब और बीयर की बोतलें मिलने पर उनको नष्ट भी किया गया। शराब और बीयर नष्ट करने के बाद बरातियों का गांव में पूरी रीति-रिवाज के साथ स्वागत किया गया। ग्रामीण पुष्पा देवी, मोहिनी, खिला देवी आदि ने कहा कि गांव को नशामुक्त बनाने का महिलाओं का प्रयास रंग ला रहा है।