अल्मोड़ा। ताकुला विकासखंड में डोटियालगांव में अखरोट तोड़ते वक्त एक महिला 33केवीए की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से झुलस गई। महिला के हाथ और पैर झुलस गए हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ताकुला में प्राथमिक उपचार देने के बाद घायल महिला को उपचार के लिए बेस अस्पताल अल्मोड़ा में भर्ती कराया गया है।
डोटियालगांव के मध्य से अल्मोड़ा जिले से बागेश्वर जिले को बिजली आपूर्ति करने वाली 33केवीए की लाइन जा रही है। गांव निवासी भगवती देवी (30) पत्नी दरबान सिंह सोमवार शाम करीब साढ़े तीन बजे घर के पास अखरोट के पेड़ पर लकड़ी से अखरोट तोड़ रही थी। इस दौरान लकड़ी 33 केवीए बिजली लाइन से छू गई और उसमें करंट दौड़ने से भगवती बुरी तरह झुलस गई। संयोग से महिला पेड़ की टहनियों में अटक गई।
परिजन उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ताकुला उपचार के लिए ले गए। अस्पताल में डा. एनसी जोशी ने भगवती देवी को उपचार दिया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए अल्मोड़ा रेफर कर दिया गया है। उसका बेस अस्पताल में उपचार चल रहा है। मालूम हो कि पिछले साल भी इसी गांव में पेड़ में बिजली का करंट दौड़ने से एक व्यक्ति को करंट लगा था।
इधर बागेश्वर जिले के अधिशासी अभियंता भाष्कर पांडे ने बताया कि 33 केवीए की बिजली लाइन अल्मोड़ा से बागेश्वर को आ रही है, जिस पेड़ पर महिला अखरोट तोडने गई थी उससे काफी दूरी पर लाइन के तार गुजर रहे है। महिला कच्ची लकड़ी की डंडी से अखरोट तोड़ रही थी और डंडी हाईटेंशन लाइन से टच हो गई। उन्होंने बताया कि मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी।