नगर में स्वच्छता अभियान के साथ ही कई वार्डों में अतिक्रमण हटाओ अभियान भी चलाया गया। इस बीच एडीएम केएस टोलिया और एसडीएम विवेक राय के नेतृत्व में पहुंची पालिका कर्मियों की टीम ने कई स्थानों से अतिक्रमण हटवाया। इस बीच खजांची मोहल्ले के पास एक गली में रास्ते में रखे सामान को हटाने के दौरान विवाद खड़ा हो गया। इस पर कुछ व्यापारियों की एडीएम केएस टोलिया के साथ तीखी झड़प हो गई। इससे पहले थाना बाजार में भी व्यापारियों की अधिकारियों के साथ तीखी बहस हुई। जानकारी के मुताबिक खजांची मोहल्ले के निकट अतिक्रमण हटाने पहुंची अधिकारियों की टीम के साथ कुछ व्यापारियों की बहस हो गई। देखते ही देखते यहां काफी भीड़ जमा हो गई।
अधिकारियों का कहना था कि रास्ते में रखे गए केबिन को हटाने के बजाय कुछ लोग उल्टा हंगामा करने लगे। दूसरी तरफ व्यापारियों का कहना था कि अधिकारियों का रवैया ठीक नहीं था और उन्होंने अभद्र भाषा का प्रयोग किया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस क्षेत्राधिकारी आरएस टोलिया भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। हंगामा बढ़ता देख प्रशासन के अधिकारी वहां से लौट गए। बताया गया है कि इससे पहले थाना बाजार की एक गली में सीवेज को नालियों में बहाने पर एतराज जताने पर भी कुछ लोग अधिकारियों से भिड़ गए और चालान काटने का विरोध किया। कुछ जगहों पर रास्ते में पड़ी निर्माण सामग्री को भी हटवाया गया।
इधर मौके पर पहुंचे व्यापार मंडल पदाधिकारियों और अन्य लोगों ने अधिकारियों पर गलत रवैया अपनाने और अभद्र भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगाया। व्यापार मंडल अध्यक्ष भैरव गोस्वामी ने कहा कि व्यापारियों का उत्पीड़न सहन नहीं किया जाएगा और किसी भी तरह की उत्पीड़नात्मक कार्रवाई का व्यापार मंडल विरोध करेगा। दूसरी तरफ एसडीएम विवेक राय ने कहा है कि नगर में अतिक्रमण हटाओ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।