नशे के धंधेबाजों का एक गिरोह अल्मोड़ा नगर में स्मैक तक पहुंचाने लगा है। पुलिस की एसओजी टीम ने इस गिरोह के एक सदस्य को यहां बेस अस्पताल तिराहे पर छह ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल भेज दिया है।
पुलिस को पता चला है कि नगर में नशे के धंधेबाजों का एक गिरोह नशेपान में लिप्त युवाओं तक स्मैक की सप्लाई कर रहा है। पुलिस ने इस गिरोह के एक सदस्य अमीर खान पुत्र असलम खान निवासी मल्ला दन्या राजपुरा अल्मोड़ा को छह ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी इस स्मैक को नगर में किसी सप्लायर के पास ले जा रहा था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी ने पूछताछ में कई तथ्यों का
खुलासा किया है। जिसमें इस धंधे में नगर के कई लोगों के लिप्त होने की जानकारी मिली है।
सीओ अव्वल सिंह रावत ने बताया कि आरोपी से पूछताछ में कई तथ्यों का खुलासा हुआ है। इस आधार पर इस धंधे में लिप्त अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि आरोपी को 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल भेज दिया गया है।