कोटसरी फतेहपुर क्षेत्र की महिलाओं ने महिला मंगल दल के बैनर तले तहसील कार्यालय में प्रदर्शन करके क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने और इस धंधे में लिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने तहसीलदार शिव दत्त भट्ट को ज्ञापन भी सौंपा।
कोटसरी फतेहपुर की दर्जनों महिलाएं महिला मंगल दल के बैनर तले तहसील कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने तहसील कार्यालय में नारेबाजी की और आरोप लगाया कि फतेहपुर बाजार में भारी मात्रा में अवैध शराब बिक रही है। जिससे क्षेत्र के युवा और बच्चे इसकी जकड़ में आ रहे हैं। उन्होंने अवैध शराब का धंधा करने वाले लोगों को गिरफ्तार करने की मांग की। उन्होंने ग्रामीण इलाकों में जीर्ण पड़े बिजली के पोलों को बदलने, अवैध अतिक्रमण हटाने, नालियों में सीवर को खुला छोड़ने पर रोक लगाने सहित अन्य समस्याओं के समाधान की भी मांग की।
उन्होंने कहा कि इन मामलों में कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा। इन मुद्दों को लेकर महिलाओं ने तहसीलदार शिव दत्त भट्ट को ज्ञापन भी सौंपा। प्रदर्शनकारियों में कमला चतुर्वेदी, हंसी देवी, भगवती रजवार, राधिका देवी, पुष्पा देवी, दीपा जोशी, गोपुली देवी, चंद्रा देवी, लीला देवी, खिमुली देवी आदि शामिल थे।