द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। कफड़ा-तिपौला मोटर मार्ग के शेष तीन किमी सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश है। संघर्ष समिति के बैनर तले हुई बैठक में शासन-प्रशासन परअनदेखी का आरोप लगाया गया। कहा कि कटान का कार्य शुरू नहीं हुआ तो 15 नवंबर से आमरण अनशन होगा, साथ ही चुनाव बहिष्कार की चेतावनी दी गई। संघर्ष समिति के अध्यक्ष बचे सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा कि रोड निर्माण की गति काफी धीमी है।
कई बार पत्र भेजने के बावजूद विभाग द्वारा इनका जवाब तक नहीं दिया जाता। इस संबंध में जिलाधिकारी को भेजे ज्ञापन में कहा गया कि इसी साल एक फरवरी को वन एवं पर्यावरण मंत्रालय से सैद्धांतिक स्वीकृति प्राप्त होने के बावजूद लोनिवि निर्माण खंड ने रोड का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया है और न ही इस संबंध में समिति को कोई जानकारी दी। ग्रामीण इस मार्ग के शेष तीन किमी मोटर मार्ग के निर्माण को लेकर पिछले 16 सालों से संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन विभागों को इससे कोई लेना-देना नहीं है।
शेष कार्य नहीं होने के कारण इस मार्ग का लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल रहा है। चेतावनी दी कि 15 नवंबर से आमरण अनशन होगा, इसके बाद चुनाव का बहिष्कार किया जाएगा। बैठक में कफड़ा-तिपौला मोटर मार्ग में डामरीकरण के लिए क्षेत्रीय विधायक मदन बिष्ट का आभार भी जताया। बैठक में कमला देवी, राजेंद्र राम, वासवानंद, भवान सिंह, भूपल सिंह, पदम सिंह, प्रेम सिंह, अनूप सिंह, माधो सिंह, लाल सिंह, बसंती देवी, बीना देवी, रेखा देवी, तारा देवी, रमेश सिंह, बालम सिंह माधो सिंह आदि मौजूद थे।