- शीतलापुष्कर मैदान में लगेगा मंगल बाजार, व्यापार मंडल की बैठक में कई अहम फैसले
द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। नगर पंचायत सभागार में प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल द्वाराहाट की बैठक आयोजित की गई, जिसमें व्यापारिक हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के बाद कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक में तय किया गया कि नगर में मंगलवार की साप्ताहिक बंदी का निर्णय पूरी सख्ती से लागू किया जाएगा। बंदी के दिन फल-सब्जी विक्रेताओं, रेस्टोरेंट और मिठाई की दुकानों को छोड़कर सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यापारियों के खिलाफ होने वाली कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित व्यापारी स्वयं जिम्मेदार होंगे।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि प्रत्येक मंगलवार को शीतलापुष्कर मैदान में मंगल बाजार लगाया जाएगा, जिसमें स्थानीय व्यापारियों और स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता दी जाएगी। नगर की सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए नगर पंचायत और संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन भेजा जाएगा। व्यापारियों के हितों के लिए प्रतिमाह एक सूक्ष्म अंशदान भी लिया जाएगा, जिसका उपयोग केवल व्यापारी हितों के कार्यों में किया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता व्यापार मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र कांडपाल ने और संचालन सुनील भट्ट और सुधीर हरबोला ने किया। बैठक में संरक्षक मंडल के सदस्य, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।