सोमेश्वर बाजार में टैंकर से पानी भरते लोग।
- फोटो : ALMORA
सोमेश्वर (अल्मोड़ा)। सोमेश्वर कस्बे में पिछले छह दिन से पानी की आपूर्ति ठप है। इससे स्थानीय निवासियों के साथ ही दुकानदारों को भी पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा है। जल संस्थान बाजार क्षेत्र में टैंकर से लोगों को पानी की आपूर्ति कर रहा है।
झुपुलचौरा से सोमेश्वर बाजार के अलावा पल्यूड़ा हट्यूड़ा को पेयजल लाइन बिछी है। इस पेयजल योजना से करीब सात हजार लोगों को पानी की आपूर्ति की जाती है, लेकिन पेयजल लाइन के क्षतिग्रस्त होने से पिछले छह दिन से पानी की सप्लाई ठप है। लोग हैंडपंप और नौलों से पानी लाकर किसी तरह गुजारा कर रहे हैं। मवेशियों के लिए पानी की व्यवस्था करने में ग्रामीणों के परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मंगलवार को भी जल संस्थान ने टैंकर से सोमश्वर बाजार क्षेत्र में पानी की आपूर्ति की। जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की सप्लाई के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। ग्रामीण इलाकों के लोग हैंडपंप और नौलों से पानी ला रहे हैं। जल संस्थान के अवर अभियंता महेंद्र बिष्ट ने बताया कि इन दिनों घाटी क्षेत्र में धान की फसल कटाई का काम चल रहा है। जिसके चलते खेतों से गुजरने वाली पेयजल लाइन दो-तीन स्थानों पर क्षतिग्रस्त है। लाइन की जल्द मरम्मत कर पानी की आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी।