पांडेखोला में मेडिकल कालेज के नीचे गधेरे में फटी पाइप लाइन।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। मटेला से सर्किट हाउस टैंक को पानी की आपूर्ति करने वाली छह इंच मोटी पाइप लाइन के मटेला और मेडिकल कालेज के समीप गधेरे में फट जाने से बृहस्पतिवार को नगर की मुख्य बाजार में पानी की सप्लाई ठप रही। इससे करीब 15 से 20 हजार की आबादी को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मटेला से शहर के टैंकों को पानी की आपूर्ति करने वाली पाइप लाइनें काफी पुरानी और जीर्ण शीर्ण हो गई हैं। मटेला से सर्किट हाउस टैंक को पानी की सप्लाई करने वाली पाइप लाइन मटेला के समीप और मेडिकल कालेज के नीचे गधेरे में दो स्थानों पर फट गई थी, जिसे ठीक करने के लिए जल संस्थान ने बृहस्पतिवार को इस पाइप लाइन से पानी की आपूर्ति रोकी।
इस कारण नगर के मुख्य बाजार, खत्याड़ी, दुगालखोला, मालरोड, थपलिया समेत अन्य इलाकों में पानी की सप्लाई नहीं हो सकी। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मोहल्लों के कई लोगों ने अपने घरों के आसपास स्थित प्राकृतिक जल स्रोतों नौलों और धारों से पानी लाकर गुजारा किया। जल संस्थान के सहायक अभियंता मुकेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार से पानी की आपूर्ति सुचारु हो जाएगी।
मालरोड क्षेत्र में दो घंटे रही बिजली गुल
अल्मोड़ा। बृहस्पतिवार को शाम के समय बारिश के साथ की बिजली कड़कने लगी। इस कारण ऊर्जा निगम को खत्याड़ी और बख फीडर काफी देर तक बंद करने पड़े। इस दौरान मालरोड, थपलिया आदि क्षेत्रों के लिए बिजली आपूर्ति करने वाली लाइन में भी खराबी आ गई है। देर शाम तक आपूर्ति सुचारु नहीं हो पाई।