अल्मोड़ा। जिले में आपदा से क्षतिग्रस्त चल रही 57 पेयजल योजनाएं जल्द दुरुस्त होंगी। दैवी आपदा मद से जल संस्थान को 96.29 लाख रुपये स्वीकृत हो गए हैं। जल संस्थान जल्द सुधारीकरण कार्य शुरू करेगा।
आपदा से अल्मोड़ा डिवीजन के तहत पिछले दिनों 49 और रानीखेत डिवीजन में आठ पेयजल योजनाएं क्षतिग्रस्त हैं। इन योजनाओं को जल संस्थान और ग्रामीणों से किसी तरह कामचलाऊ बना रखा है, लेकिन जीर्णशीर्ण योजनाओं के पाइप क्षतिग्रस्त होने से आए दिन संबंधित क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति बाधित होती रही है। इससे लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ता है। जल संस्थान ने क्षतिग्रस्त योजनाओं को दुरुस्त करने के लिए दैवी आपदा मद से बजट की मांग की थी, जिसे स्वीकृति मिल गई है। जल संस्थान के ईई केएस खाती ने बताया कि अल्मोड़ा डिवीजन में क्षतिग्रस्त 49 योजनाओं की मरम्मत के लिए 82.09 लाख और रानीखेत डिवीजन की क्षतिग्रस्त आठ योजनाओं के लिए 14.20 लाख रुपये अवमुक्त हो गए हैं। शीघ्र ही सभी योजनाएं दुरुस्त कर ली जाएंगी।
25 लाख से पांडेखोला कलक्ट्रेट भवन के लिए बिछेगी लाइन
अल्मोड़ा। पांडेखोला में नया कलक्ट्रेट भवन निर्माणाधीन है। कलक्ट्रेट भवन के लिए नई पाइप लाइन बिछाने के लिए शासन ने 25 लाख रुपये स्वीकृत कर दिए हैं। जल संस्थान पातालदेवी स्थित टैंक से पांडेखोला कलक्ट्रेट भवन के लिए दो इंच मोटी पाइप लाइन बिछाएगा।
जिला योजना से 11.20 करोड़ के सापेक्ष 5.78 करोड़ मिले
अल्मोड़ा। जल संस्थान को जिला योजना से 11.20 करोड़ के सापेक्ष 5.78 करोड़ रुपये मिल चुके हैं। जल संस्थान के ईई केएस खाती ने बताया कि पहली किश्त के रूप में 453.16 करोड़ की राशि विभाग को मिली है। यह राशि विभाग में कार्यरत आउटसोर्सिंग के 500 कर्मियों के वेतन के लिए मिली है, जबकि दूसरी किश्त में 1.25 करोड़ की राशि भी मिल चुकी है। इस राशि से 15 क्षतिग्रस्त पेयजल योजनाओं की मरम्मत, सीवर लाइन की मरम्मत की जाएगी। जिले में कुल 1284 हैंडपंपों में से 90 खराब हैंडपंपों का सुधारीकरण किया जाएगा। पेयजल टैंकरों के संचालन के कार्य किए जाएंगे।