विधायक ने 8.60 करोड़ से बनी पंपिंग पेयजल योजना का किया उद्घाटन
स्याल्दे (अल्मोड़ा)। अब ब्लॉक के चचरोटी क्षेत्र के आधा दर्जन गांव पेयजल संकट से मुक्त हो गए हैं। मंगलवार से इन गांवों को करीब 8.60 करोड़ रुपये से बनी चचरोटी-खटलगांव पंपिंग पेयजल योजना ने पानी मिलना शुरू हो गया है। इससे करीब 3000 ती आबादी को पानी मिलेगा।
क्षेत्रीय विधायक महेश जीना मंगलवार को चचरोटी पहुंचे। उन्होंने 8 करोड़ 60 लाख 29 हजार की लागत से तैयार चचरोटी-खटलगांव पंपिंग पेयजल योजना का उद्घाटन किया। इस योजना से चचरोटी, खटलगांव, सटेड़, चौनियां, सदी गांव और क्वाटा को पानी मिलेगा।
विधायक ने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों की पानी, बिजली व सड़क जैसी मूलभूत समस्याओं पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं का त्वरित निदान किया जाएगा। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चचरोटी में विधायक निधि से चार कंप्यूटर स्थापित करने की घोषणा की। इससे पहले विधायक के पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने फूलमालाओं से उनका भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन भाजपा के मंडल महामंत्री सुरेंद्र घुघत्याल ने किया।
वहां, भाजपा मंडल अध्यक्ष कुंदन लाल, चित्रकूट के मंडल अध्यक्ष कैलाश लखेड़ा, हरीराम आर्या, सुरेश कड़ाकोटी, एई महेंद्र कुमार, जेई विवेक पाठक, सुरेंद्र रावत, दिनेश नैनवाल, दिनेश राम, हरीश बंगारी और महेंद्र बंगारी आदि मौजूद रहे।