डीनापानी में टैंकर से पानी भरते लोग।
- फोटो : AMAR UJALA
जल संकट से जनता को निजात नहीं मिल पा रही है। नगर समेत ग्रामीण इलाकों में जनता को पर्याप्त पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। नगर के लोअर मालरोड समेत अन्य इलाकों में लोग पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। वहीं कई मोहल्लों में एक दिन बाद पानी मिल रहा है।
शहर और आसपास के क्षेत्रों में जनता को 16 से 18 एमएलडी पानी की जरूरत होती है पर जल संस्थान इसका आधा पानी करीब आठ एमएलडी सप्लाई कर रहा है। जिस कारण शहर के अलावा आसपास के गांवों के लोगों को पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा है। खत्याड़ी, लोअर मालरोड, चीनाखान, धारानौला, राजपुर आदि मोहल्लों में घनी आबादी है, लेकिन पानी कम खुलने से लोगों को गर्मी के सीजन में जरूरत के मुताबिक पानी नहीं मिल पा रहा है।
जल संस्थान ने रविवार को नगर के लोअर मालरोड में जल निगम कालोनी के अलावा हवालबाग विकासखंड के ढैली, खड़कूना, शैल, चितई, डीनापानी, कसारदेवी, बल्टा, गधोली क्षेत्र में टैंकरों से पानी की आपूर्ति की। चितई कस्बे में पानी नहीं आने से वहां आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। श्रद्धालु आसपास की दुकानों से पानी की व्यवस्था कर मंदिर में पूजा कर रहे हैं।