सल्ट में सिर पर पानी ढोतीं महिलाएं। संवाद
अल्मोड़ा। पर्वतीय क्षेत्रों में हो रही लगातार बारिश के कारण अब जिले की पेयजल व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गई है। जिले के अनेक कस्बों में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। मजबूरी में लोग प्राकृतिक स्रोतों, नौलों और गधेरों पर निर्भर होना पड़ रहा है।
पिछले दिनों हुई बारिश के बाद जिले के अनेक स्थानों पर पेयजल योजनाओं को काफी नुकसान पहुंचा है। जिले के सल्ट, स्याल्दे, लमगड़ा, धौलादेवी में अनेक पेयजल योजनाओं को बारिश के कारण नुकसान पहुंचा है। जिस कारण अब जिले में पेयजल की खासी आपूर्ति की समस्या पैदा हो गई है।
सल्ट विकास खंड में पिछले पंद्रह दिनों से कोटेश्वर शशीखाल योजना से पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। हवालबाग विकास खंड के देवली, फड़का, सिमकुड़ी और धारम गांवों में पेयजल की किल्लत बनी हुई है। दो सप्ताह से पानी नहीं आने के कारण ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पानी की आपूर्ति न होने के कारण जिले की 30 हजार से अधिक की आबादी प्रभावित है।संवाद