विकासखंड के बिंता नौलाकोट क्षेत्र में काश्तकारों की नींद उड़ी है। गुरुवार की दोपहर मूसलाधार बारिश के बाद अचानक सरपटिया लमढुंगा गधेेरा उफना गया। 0.750 हेक्टेयर कृषि भूमि रोखड़ में तब्दील हो गई। इस भूमि में 31 खाताधारक हैं। पशु चिकित्सा प्रभारी डा. आरपी सिंह और ऊर्जा निगम के जेई मुकेश तिवारी ने मौका मुआयना किया।
मालूम हो कि बुधवार की दोपहर नौलाकोट क्षेत्र में मूसलाधार बारिश के बाद बादल फटने से सरपटिया लमढुंगा गधेेरा उफना गया और पानी ने तबाही मचा दी थी। एक दर्जन से अधिक बकरियां बह गईं और गेहूं के कई खेते रोखड़ में तब्दील हो गए थे। बृहस्पतिवार को उपराजस्व निरीक्षक शिवनाथ गोस्वामी ने मौके का मुआयना किया और नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने बताया 0.750 हेक्टेयर भूमि मलबे से पटी है। रिपोर्ट प्रशासन को सौंप दी है। नरीराम की छह, जसवंत की सात बकरियां बह गईं है। ग्रामीणों ने प्रभावितों को मुआवजा देने की मांग भी की है। इधर क्षेत्रीय विधायक मदन बिष्ट ने कहा कि प्रभावित काश्तकारों को सरकारी मानकों के हिसाब से मुआवजा दिलाया जाएगा। इधर, जेई ने बताया कि विद्युत व्यवस्था ठीक है। पानी की भी वैकल्पिक व्यवस्था की गई है।