अल्मोड़ा-हल्द्वानी एनएच में लगे मिट्टी के ढेर।
- फोटो : amar ujala
सड़कों को खोदने और मार्गों के किनारे मिट्टी के ढेर लगे होने से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसके बावजूद सड़कों को दुरुस्त नहीं किया जा रहा है। अल्मोड़ा-हल्द्वानी मोटर मार्ग पर ब्राइट एंड कॉर्नर से लेकर लोधिया तक सड़क पर मिट्टी के ढेर लगे हैं। हाल में हुई दुर्घटनाओं के बावजूद लोनिवि और प्रशासन की ओर से मिट्टी के ढेर साफ नहीं किए गए हैं।
बता दें कि लोअर माल रोड पर डायट के पास सड़क खराब होने से हाल ही में जीप दुर्घटना हुई, जिसमें कई लोग हताहत हो गए थे। इसके बाद केबल बिछाने वाली कंपनी के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया गया है। एफआईआर के बाद संबंधित कंपनी ने अधिकांश स्थानों पर खोदी गई सड़क को दुरुस्त कर दिया है, लेकिन दूसरी तरफ इन दिनों अल्मोड़ा-हल्द्वानी मोटर मार्ग पर करबला से नीचे की तरफ मिट्टी के ढेर लगा दिए गए हैं।
इससे सड़क संकरी होती जा रही है। क्षेत्र के लोगों ने आरोप लगाया है कि प्रशासन और लोनिवि की ढिलाई के चलते कुछ लोग लगातार सड़क के किनारे मिट्टी डालते जा रहे हैं। यहां दुर्घटना की आशंका बनी है।
नेशनल हाइवे के किनारे मिट्टी के ढेर लगाने के मामले में पूर्व में एनएच के अधिशासी अभियंता के खिलाफ धारा 133 के तहत कार्रवाई की गई थी। इस मामले में अधिशासी अभियंता को दोबारा तलब किया जा रहा है। मिट्टी डालने के लिए नगर के पास दो स्थानों पर डंपिंग जोन चिन्हित किए गए हैं। इन स्थानों के अलावा सड़कों पर लगाए गए मिट्टी के ढेर नहीं हटाए जाने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में पुलिस अधिकारियों को भी मिट्टी डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कहा गया है।
-विवेक राय, एसडीएम अल्मोड़ा