अल्मोड़ा। दो दिन पहले कोरोना पॉजिटिव पाए गए रानीखेत निवासी जमाती के संपर्क में रहे 16 लोगों के सैंपलों की जांच रिपोर्ट बुधवार तक आने की उम्मीद है। प्रशासन की नजर फिलहाल इन लोगों की जांच रिपोर्ट पर है। यदि 16 लोगों में फिर से कोई पॉजीटिव पाया गया तो मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
बता दें कि रानीखेत के एक जमाती को छोड़कर अब तक अल्मोड़ा जिले से भेजे गए सभी सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आई थी। यहां तक कि कोरोना वायरस के प्रकोप के बाद हाल के समय में जिले में विदेशों से लौटे 156 लोगों में से भी कोई पॉजिटिव नहीं मिला।
अब एक जमाती की रिपोर्ट पॉजिटिव मिलने के बाद जिले के लोगों के साथ ही प्रशासन की चिंता भी बढ़ गई है। पॉजिटिव मिले जमाती के संपर्क में आए 16 अन्य लोगों के सैंपल भी जांच के लिए भेज दिए गए हैं। इन 16 लोगों में से किसी की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई तो फिर से कई के सैंपल जांच के लिए भेजने पड़ेंगे। पॉजिटिव के संपर्क वालों में संक्रमण फैलने का खतरा बना रहेगा। यदि कल भेजे गए सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आती है तो यह जिले के लिए बहुत बड़ी राहत होगी।