फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पलायन वोट पर भारी, सिर्फ 45.37 प्रतिशत पुरुष ही मत डाल सके

Thu, 16 Feb 2017 10:56 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला ब्यूरो, अल्मोड़ा।
विज्ञापन
demo pic - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
2017 के विधानसभा चुनावों में एक बार फिर पलायन वोट पर भारी पड़ गया। रोजगार के लिए शहरों में गए हजारों पुरुष मतदान के लिए गांव नहीं आए जिससे अल्मोड़ा जिले की छह सीटों में महिलाओं की अपेक्षा पुरुषों का मतदान 15 प्रतिशत कम रहा। जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों में महिला मतदाताओं में से 60.36 प्रतिशत ने वोट डाले जबकि पुरुषों का मतदान प्रतिशत सिर्फ 45.37 प्रतिशत रहा। इसका मुख्य कारण पलायन माना जा रहा है। हर विधानसभा क्षेत्र से हजारों की संख्या में पुरुष नौकरी और अन्य कारणों से बाहर हैं जो मतदान करने अपने गांव नहीं आए।
विज्ञापन


सबसे अधिक पिछड़ी विधानसभा सल्ट में सिर्फ 38.24 प्रतिशत पुरुष ही मतदान कर सके। शहरी क्षेत्र अल्मोड़ा में 52.91 प्रतिशत पुरुषों ने मतदान किया, वहीं सबसे अधिक 65.63 प्रतिशत महिलाओं ने जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र में मतदान किया है। बाजी अब महिला मतदाताओं के हाथ में है। महिलाओं का वोट जिस ओर गया है जीत उसी की होगी। 
अल्मोड़ा जिले की छह विधानसभा सीटों अल्मोड़ा, द्वाराहाट, सल्ट, रानीखेत, सोमेश्वर और जागेश्वर विधानसभा सीटों में इस बार मतदान का प्रतिशत अन्य जिलों की अपेक्षा काफी कम है, लेकिन इससे भी अधिक चिंता की बात यह है कि जिले में पुरुषों का मतदान प्रतिशत सिर्फ 45.37 प्रतिशत रहा। अल्मोड़ा जिले में मतदान कम होने की निर्वाचन आयोग भले ही जो भी वजह बता रहा हो, लेकिन असलियत यह है कि रोजगार के लिए हर गांवों से भारी संख्या में पुरुष महानगरों में रह रहे हैं जो मतदान के लिए अपने गांव नहीं आते। गांवों में ज्यादातर महिलाएं और बुजुर्ग ही रहा करते हैं। जबकि पुरुषों की अपेक्षा अधिक पढ़ी-लिखी नहीं होने के बावजूद 60.36 प्रतिशत महिलाओं ने मतदान किया। जिले में कुल 258118 महिला मतदाताओं में से 155822 ने मतदान किया। जबकि 267315 पुरुष मतदाताओं में से सिर्फ 121297 ही वोट डाल सके। 
विज्ञापन


सबसे पिछड़े सल्ट विधानसभा क्षेत्र में सिर्फ 38.24 प्रतिशत पुरुषों ने ही मतदान किया। जबकि यहां 53.59 प्रतिशत महिलाओं ने वोट डाले। द्वाराहाट विधानसभा क्षेत्र में 43.71 प्रतिशत पुरुषों और 59.86 प्रतिशत महिलाओं ने मतदान किया। सोमेश्वर में 44.46 प्रतिशत पुरुषों और 62.68 प्रतिशत महिलाओं ने वोट डाले हैं। रानीखेत विधानसभा क्षेत्र में 45.96 प्रतिशत पुरुषों और 57.59 प्रतिशत महिलाओं के वोट पड़े। जागेश्वर में 48.01 प्रतिशत पुरुषों और 65.63 महिलाओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। अल्मोड़ा सीट पर सबसे अधिक 52.91 प्रतिशत पुरुषों और 63.32 प्रतिशत महिला मतदाताओं ने वोट डाले। 
 यह भी बता दें कि 2012 में भी जिले की छह सीटों में पुरुषों का मतदान प्रतिशत महिलाओं की अपेक्षा कम रहा था, लेकिन इस बार यह अंतर काफी बढ़ गया है। 2012 के चुनावों में महिलाओं का मतदान प्रतिशत 60.85 और पुरुषों का 50.09 प्रतिशत रहा था। इस बार भी महिलाओं ने पिछले बार की तरह लगभग 60.36 प्रतिशत मतदान किया, लेकिन पुरुषों का मतदान प्रतिशत घटकर 45.37 प्रतिशत पहुंच गया है।  इस हिसाब से देखा जाए तो बाजी महिला मतदाताओं के हाथ में है। यह साफ है कि महिलाओं का अधिक वोट जिस प्रत्याशी को मिला होगा जीत भी उसी की होगी। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें