रानीखेत (अल्मोड़ा)। रानीखेत (मिशन) इंटर कालेज में स्व. केडी बेलवाल मेमोरियल अंतरविद्यालयी वालीबॉल प्रतियोगिता आर्मी पब्लिक स्कूल (एपीएस) के नाम रही। फाइनल में एपीएस ने जीआईसी कुनेलाखेत की टीम को मात दी। पुरस्कार वितरित करते हुए पूर्व राजदूत हर्षवर्धन मनराल ने खेल गतिविधियों के माध्यम से कॅरियर निर्माण का आह्वान किया।
अंतरविद्यालयी वालीबॉल प्रतियोगिता के फाइनल में जीआईसी कुनेलाखेत और आर्मी पब्लिक स्कूल की टीमें आमने-सामने थीं। तीन सेटों के मुकाबले में आर्मी पब्लिक स्कूल की टीम ने 25-17, 25-20, 25-18 अंकों से मुकाबला जीत लिया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
खिलाड़ियों की हौसलाफजाई के लिए विद्यालय की छात्र-छात्राएं और दर्शक मौजूद थे। निर्णायक की भूमिका शिवराज सिंह बिष्ट, चंदन सिंह मेहरा, अजय चंद और गोविंद सिंह माहरा ने निभाई। संचालन प्रधानाचार्य सुनील मशीह ने किया।
बाद में मुख्य अतिथि पूर्व राजदूत हर्षवर्धन मनराल ने विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कार बांटे और अनुशासन के बल पर आगे बढ़ने का आह्वान किया। इस अवसर पर तमाम शिक्षक और छात्र छात्राएं मौजूद थे।