कई साल से लंबित सिंगोलीखाल-रीठामहादेव और सीलापानी-वनघट-उणीमहादेव मोटर मार्ग का निर्माण नहीं होने से गुस्साए ग्रामीण सड़क पर उतर आए। विभिन्न गांवों से भारी संख्या में पहुंचीं महिलाओं और अन्य लोगों ने भिकियासैंण बाजार में प्रदर्शन किया और रामनगर-भिकियासैंण मोटर मार्ग को चार घंटे तक जाम कर दिया। जिससे दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। बाद में काफी प्रयासों के बाद प्रशासन से हुई समझौता वार्ता के बाद जाम खोल दिया गया।
बुधवार को न्याय पंचायत बोली महिला संघर्ष समिति के बैनर तले ग्राम बौली, चापड़, उणुली, सिंगोली, खनोलिया, खैरिया, रीठामहादेव आदि गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने भिकियासैंण पहुंचकर जोरदार नारेबाजी के साथ जुलूस निकाला। ग्रामीणों ने उक्त सड़कों का निर्माण शुरु करने की मांग को लेकर रामनगर-भिकियासैंण-गैरसैंण मुख्य मोटर मार्ग के गगास पुल पर जाम लगा दिया। इस मौके पर आयोजित सभा में वक्ताओं ने विकास के युग में बौली क्षेत्र को सड़क की सुविधा से वंचित रखे जाने पर भारी रोष जताया। उन्होंने कहा कि यदि विभाग और प्रशासन ने और अनदेखी की तो जबर्दस्त जन आंदोलन किया जाएगा। सड़क पर जाम लगने से दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। काफी जद्दोजहद के बाद तहसीलदार ओमवीर सिंह की मध्यस्थता में लोनिवि के अभियंताओ से समझौता वार्ता हुई। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम खोला।
तहसीलदार ओमवीरसिंह की मध्यस्थता में हुई समझौता वार्ता में लोनिवि के सहायक अधिशासी अभियंता भुवन चंद्र ने आश्वस्त किया कि बृहस्पतिवार से ही सीलापानी- उणीमहादेव मार्ग के दो किमी स्वीकृत मार्ग के अधूरे कार्य को पूरा करने के लिए जेसीबी मशीन लग जाएगी और शेष कार्य की निविदा की कार्यवाही दो सप्ताह में शुरू होगी। जबकि सिंगोलीखाल-रीठामहादेव मार्ग में पांच किमी की स्वीकृति एक माह के भीतर शासन से कराई जाएगी।
ग्रामीणों ने ऐलान किया यदि समझौता वार्ता के अनुसार कार्य नहीं हुआ तो रीठामहादेव में अमरण अनशन शुरू कर दिया जाएगा। इस दौरान ब्लाक प्रमुख हिमानी नैनवाल, महिला संघर्ष समिति अध्यक्ष पार्वती देवी, आशा नेगी, राधा देवी, रणजीत नेगी, गिरधर सिंह, मदन मेहरा, प्रमोद नैनवाल, दिनेश घुघत्याल, नवीन जोशी, शंकर फुलारा, दीपक बिष्ट, देवगिरी, महिपाल बिष्ट, लक्ष्मण सिंह सल्डिया, दिवान भंडारी आदि ने संबोधित किया। इस दौरान थाना प्रभारी धर्मवीर सोलंकी भी मौजूद थे।