संवर्ग के कार्मिकों की वेतन विसंगति दूर करने, वीडीओ के रिक्त पदों को शीघ्र भरने समेत पंद्रह सूत्री मांगों को लेकर प्रांतीय आह्वान पर ग्राम विकास अधिकारियों ने बांह पर काली पट्टी बांधकर ब्लॉक मुख्यालयों में प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने यदि जायज मांगों को पूरा नहीं किया तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
ग्राम विकास अधिकारी एसोसिएशन वेेतन विसंगति दूर करने, रिक्त पदों को भरने, जॉब चार्ट में संशोधन कर ग्राम्य विकास विभाग की समस्त योजनाओं को समाहित करने, ग्राम्य विकास की सभी योजनाओं के ऑनलाइन संचालन की सुविधा देने, मनरेगा में सामाजिक अंकेक्षण के नाम पर उत्तराखंड सामाजिक जवाबदेही और पारदर्शिता अभिकरण (उसाटा) द्वारा किए जा रहे उत्पीड़न को बंद करने, खंड विकास अधिकारी के ढांचे में पूर्व सृजित 117 पदों को पुन: सृजित करने आदि मांगों को लेकर आंदोलित हैं।
कर्मचारियों ने बुधवार को बांह पर काली पट्टी बांधकर ब्लॉक मुख्यालयों में प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि इसके बाद नौ जुलाई को जिला मुख्यालय में प्रदर्शन किया जाएगा। संगठन के जिलाध्यक्ष दलीप भंडारी और महामंत्री उमापति पांडे ने बताया कि 13 जुलाई को उसाटा कार्यालय देहरादून में धरना, 17 जुलाई को नैनीताल और 20 जुाई को पौड़ी मंडल मुख्यालय में धरना, 30 जुलाई को देहरादून में रैली निकाली जाएगी। एक अगस्त से कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया जाएगा। ब्लॉक मुख्यालयों में हुए प्रदर्शनों में जिलाध्यक्ष दलीप भंडारी, महामंत्री उमापति पांडे, संयोजक उम्मेद सिंह गैड़ा, पंकज कांडपाल, गोविंद नेगी, सतीश पांडे, इंतखाज आलम, हरीश सुयाल, महेश्वर आगरी, शंकरदत्त तिवारी, कमल किशोर, अनिल कुमार, रमेश कुमार, राजा बिष्ट, ओम प्रकाश, वैश मोहम्मद, हिम्मत गिरि, मनोज धामी, टीएस बिष्ट आदि ने भाग लिया।