अल्मोड़ा। स्थानीय बेस अस्पताल में 25 वेंटिलेटर लगाने का काम शुरू होने से पहले ही इंजीनियरों की टीम को गढ़वाल बुला लिया गया है। इससे बेस में वेंटिलेटर लगाने का काम शुरू नहीं हो सका। अब वेंटिलेटर फिट करने का काम एक सप्ताह बाद हो पाएगा।
प्रदेश सरकार ने अल्मोड़ा के बेस अस्पताल के लिए 25 वेंटिलेटर दिलाए हैं। पिछले दिनों यह वेंटिलेटर अल्मोड़ा पहुंच गए हैं। इन वेंटिलेटरों को इंस्टॉल करने के लिए बृहस्पतिवार को इंजीनियरों की टीम अल्मोड़ा पहुंची। टीम ने अल्मोड़ा जिला अस्पताल में तीन वेंटिलेटर फिट कर दिए थे। उसके बाद टीम बेस अस्पताल में आए 25 वेंटिलेटर को फिट करने पहुंच गई थी। इस बीच काम शुरू भी नहीं हुआ था कि निदेशालय से इंजीनियरों की टीम को पहले गढ़वाल भेजने के निर्देश जारी हो गए। बेस अस्पताल के पीएमएस डॉ. एचसी गढ़कोटी ने बताया कि अब इंजीनियरों की टीम एक सप्ताह बाद अल्मोड़ा आएगी। उसके बाद वेंटिलेटर लगाने का काम शुरू होगा। वेंटिलेटर लगाने के लिए कक्ष पहले से ही तैयार किया गया है और इनके लगने के बाद मरीजों को सुविधा मिलने लगेगी।