रानीखेत में कुलपति का पुतला फूंकते छात्र संघ पदाधिकारी। अमर उजाला
- फोटो : RANIKHET
रानीखेत (अल्मोड़ा)। महाविद्यालयों में सेमेस्टर प्रणाली को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन के ढुलमुल रवैये से रानीखेत छात्रसंघ पदाधिकारियों में आक्रोश है। आक्रोशित पदाधिकारियों ने यहां पीजी कॉलेज परिसर में कुमाऊं विवि के कुलपति का पुतला फूंका और सेमेस्टर प्रणाली को व्यवस्थित ढंग से लागू करने की मांग उठाई।
छात्र संघ अध्यक्ष मनीष भैसोड़ा सचिव सुधांशु भट्ट के नेतृत्व में एकत्रित पदाधिकारियों ने यहां कुलपति के पुतले को आग के हवाले किया। कहा कि सेमेस्टर प्रणाली ठीक ढंग से लागू नहीं की जा रही है। विवि प्रशासन द्वारा परीक्षा तिथि से 10 दिन पहले समेकेस्टर प्रणाली में फेर बदल कर दिया है। जिस कारण छात्र छात्राएं उहापोह की स्थिति में हैं।
समेस्टर प्रणाली के चलते महाविद्यालयों और कैंपसों को आपस में विभाजित करने की भी तोहमत मढ़ी गई। कहा कि कुमाऊं के कुछ महाविद्यालयों में सेमेस्टर प्रणाली लागू कर दी गई। जबकि कुछ महाविद्यालयों में वार्षिक परीक्षा लागू की जा रही है जो कि महाविद्यालयों के साथ सौतेला व्यवहार है। पुतला दहन कार्यक्रम में तमाम छात्र संघ पदाधिकारी और छात्र छात्राएं मौजूद थे।