अल्मोड़ा। राजमुंदरी, आंध्र प्रदेश में चल रही 44 वीं इंटर स्टेट-इंटर जोनल जूनियर नेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप में उत्तराखंड की जूनियर टीम ने पहली बार टीम चैंपियनशिप के फाइनल में प्रवेश कर लिया है।
प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल के पहले मैच में उत्तराखंड के ध्रुव रावत ने पुरुष एकल में तेलंगाना के रीतिन को 21-5 व 21-9 से हराया। दूसरे मैच में उन्नति बिष्ट ने महिला एकल में तेलंगाना की किउरा को 21-14,19-21 व 22-20 से हराया। तीसरे मैच में उत्तराखंड के भावेश पांडे और सोहेल अहमद की जोड़ी पुरुष युगल में तेलंगाना की विष्णु और नवनीत की जोड़ी से 18-21 व 18-21 से हार गई। लेकिन चौथे मैच में महिला युगल में उन्नति व अदिति भट्ट की जोड़ी ने तेलंगाना की विद्या और अभिलाषा की जोड़ी को 21-18 व 21-18 से हराकर उत्तराखंड की टीम को सेमी फाइनल में पहुंचा दिया।
उत्तरांचल बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव बीएस मनकोटी ने बताया कि सेमी फाइनल में उत्तराखंड की टीम की टक्कर महाराष्ट्र से हुई। जिसमें उत्तराखंड ने महाराष्ट्र को 3-0 से पराजित कर फाइनल में स्थान बना लिया है। सेमी फाइनल के पहले मैच में उत्तराखंड के ध्रुव रावत ने पुरुष एकल में महाराष्ट्र के रोहन तूल को 21-15 व 21-17 से हराया। दूसरे मैच में उन्नति बिष्ट ने महिला एकल में महाराष्ट्र की तारा साह को 14-21, 22-20, 21-19 से और तीसरे मैच में उत्तराखंड के भावेश पांडे और सोहेल की जोड़ी ने पुरुष युगल में महाराष्ट्र के हशल जदर और एस साह की जोड़ी को 21-16 व 21-4 से हराकर उत्तराखंड को पहली बार फाइनल में पहुंचाया।