रानीखेत (अल्मोड़ा)। नगर में कूड़ेदानों के पास खुले में इस्तेमाल की गई सिरिंज और इंजेक्शन फेंकने से लोगों में चिंता है। कूड़े के ढेर में पड़ी कई सिरिंजों में सुइयों पर कैप तक नहीं लगी थी, जिससे सफाई कर्मचारियों, राहगीरों और लोगों के चोटिल होने का खतरा बना हुआ है। इस्तेमाल की गई सुई चुभने से संक्रमण फैलने की आशंका भी रहती है।
मेडिकल कचरे को इस तरह खुले में फेंके जाने पर वन्यजीव प्रेमी लोचन बिष्ट, सुरेंद्र सिंह आदि ने भी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि खुले में पड़ी इंजेक्शन और सिरिंज से केवल इंसानों को ही नहीं, बल्कि गोवंश सहित अन्य जानवरों के लिए भी संक्रमण का खतरा पैदा हो सकता है।
कूड़े में भोजन तलाशने वाले पशु यदि इनके संपर्क में आते हैं तो गंभीर समस्या उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने मेडिकल कचरे के उचित निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने और खुले में इस तरह के कचरे को फेंकने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों ने भी नगर क्षेत्र में कूड़ा निस्तारण व्यवस्था को लेकर निगरानी बढ़ाने की आवश्यकता जताई है, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही से बचा जा सके।
खुले में मेडिकल कचरा फेंकना गंभीर लापरवाही है। ऐसे लोगों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी। लोगों से अपील है कि इस्तेमाल किए गए इंजेक्शन और सिरिंज को खुले में न फेंकें और निर्धारित तरीके से उनका निस्तारण करें। - चंदन कुमार, स्वच्छता निरीक्षक, छावनी परिषद्, रानीखेत